| |

सेंधवा में मिनी ट्रक में लगी आग: ड्राइवर और सहयोगी ने कूदकर बचाई जान; एक घंटे तक लगा रहा जाम

सेंधवा। मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे के बिजासन घाट क्षेत्र में बुधवार सुबह महाराष्ट्र से इंदौर की ओर जा रहे एक मिनी ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई।

ट्रक में आग लगते ही चालक और उसके सहयोगी ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। आग ने ट्रक के केबिन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और केबिन जलकर खाक हो गया।

मिनी ट्रक महाराष्ट्र से शिमला मिर्च भरकर इंदौर की ओर जा रहा था। सुबह 8 बजे बिजासन घाट चढ़ते समय चालक को ट्रक से धुआं निकलता दिखाई दिया।

आग देखते ही ट्रक से कूदा ड्राइवर 
आग देखकर ड्राइवर ने तुरंत ट्रक रोका और सहयोगी के साथ ट्रक से नीचे कूद गया। कुछ ही देर में केबिन से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। सूचना मिलते ही बिजासन चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एक घंटे तक लगा जाम 
आग और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए इंदौर जाने वाले मार्ग पर यातायात रोक दिया गया। इससे घाट क्षेत्र में वाहनों की कतार लग गई और एक घंटे तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा।

क्रेन से मिनी ट्रक को हटाया 
सूचना पर नगर पालिका के दो फायर फाइटर भी मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जल चुका था। पुलिस और दमकल दल ने प्रयास कर ट्रक में लगी आग को बुझाया। इसके बाद क्रेन की मदद से मिनी ट्रक को हाईवे से हटाया गया।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग
इसके बाद ट्रैफिक शुरू हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।

Share