|

हाटपीपल्या में त्योहारों की तैयारी पर मंथन: डोल ग्यारस नगर गौरव दिवस बनेगा; कानून व्यवस्था पर जोर

हाटपीपल्या। आगामी डोल ग्यारस महोत्सव सहित गणेश उत्सव और धूप दशमी को लेकर हाटपीपल्या थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बैठक में बागली एसडीएम शिवम यादव, बागली एसडीओपी संजय बेस, हाटपीपल्या थाना प्रभारी दीपक यादव, तहसीलदार दीपाली जाधव, नगर परिषद सीएमओ सविता सोनी और नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नरसिंह मंदिर सेवा समिति ने रखे सुझाव
नरसिंह मंदिर सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सोनी, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पटेल, सचिव आशीष व्यास और सदस्य दिलीप सोनी बैठक में शामिल हुए। समिति पदाधिकारियों ने डोल ग्यारस महोत्सव को लेकर प्रशासन के सामने आवश्यक व्यवस्थाओं से जुड़े सुझाव रखे।

समिति ने बताया कि इस बार श्री नरसिंह मंदिर परिसर में यज्ञशाला और प्रवचन मंडप के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन जगतगुरु निंबार्काचार्य पीठाधीश्वर श्री श्याम शरण देवाचार्य श्री जी महाराज के सान्निध्य में होगा।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए समिति ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। अधिकारियों ने समिति के सुझावों पर चर्चा की और सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं करने की बात कही।

नगर गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा डोल ग्यारस
बैठक में डोल ग्यारस पर्व को इस वर्ष हर्षोल्लास के साथ नगर गौरव दिवस के रूप में मनाने पर भी चर्चा हुई। शोभायात्रा, डोल यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए तैयारियां समय पर पूरी करने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही।

Share