पैरा खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणास्रोत: इंदौर में प्रथम राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग स्पर्धा शुरू

इंदौर। एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के संयुक्त तत्वाधान में प्रथम राष्ट्रीय पैरा किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ जायडस लाइफ साइंसेज की जनरल मैनेजर डॉ. विनीता वर्डिया, वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल, पद्मश्री अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक डॉ. सत्येंद्र सिंह लोहिया एवं एलड्रिच विलियम्स के आतिथ्य में हुआ।
खेल में भागीदारी से आत्मविश्वास बढ़ता है
शुभारंभ अवसर पर डॉ. विनीता वर्डिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि पैरा खिलाड़ी अपनी मेहनत और जज्बे से समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जायडस लाइफ साइंसेज ऐसे सशक्तिकरण के प्रयासों में हमेशा सहयोग के लिए तत्पर है। खेल में भागीदारी से आत्मविश्वास बढ़ता है और यही सच्चा समावेश है।
किकबॉक्सिंग को हर वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य
वाको इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने कहा कि वाको इंडिया का लक्ष्य किकबॉक्सिंग को हर वर्ग तक पहुंचाना है। पैरा किकबॉक्सिंग की यह प्रथम राष्ट्रीय प्रतियोगिता इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी।
जज्बा ही सबसे बड़ी ताकत
पद्मश्री डॉ. सत्येंद्र सिंह लोहिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शारीरिक चुनौती कभी भी प्रतिभा में बाधा नहीं बन सकती। पानी में तैराकी हो या रिंग में किकबॉक्सिंग, जज्बा एक ही होता है। आप सभी देश का गौरव हैं, अपनी सीमाओं को खुद तय करें।