इंदौर जिला जूनियर बैडमिंटन स्पर्धा आज से: 51 हजार रुपए की इनामी राशि; राज्य चैंपियनशिप के लिए टीम चयन

इंदौर। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (आईडीबीए) के तत्वावधान में राजरतन फाउंडेशन द्वारा आयोजित दूसरी राजरतन फाउंडेशन 51 हजार इनामी राशि जूनियर इंदौर जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 12 सितंबर से नेहरू स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल में शुरू होगी। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 14 सितंबर तक चलेगी।
इंदौर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव आर.पी. सिंह नैयर ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में बालक एवं बालिका वर्ग के एकल, युगल एवं मिश्रित युगल मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मुकाबले बेस्ट ऑफ थ्री गेम्स, 15 अंक के आधार पर होंगे, जिसे आवश्यकता अनुसार 21 अंकों तक बढ़ाया जा सकेगा। इस चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के लिए इंदौर जिला टीम का चयन किया जाएगा।
काव्य शर्मा को शीर्ष वरीयता
बॉयज सिंगल्स अंडर-17 में काव्य शर्मा को तथा गर्ल्स सिंगल्स अंडर-17 में तन्वी दुबे को शीर्ष वरीयता दी गई है। अंडर-19 बालक सिंगल्स में ओम पटेल और बालिका सिंगल्स में दिवा चौकसे को शीर्ष वरीयता प्रदान की गई है।