| | | | |

राहुल गांधी के कार्यक्रम को IDA की मंजूरी: रीजनल पार्क के सामने होगा आयोजन; IDA को करीब 10 लाख रुपए किए जमा

इंदौर। राहुल गांधी का 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब रीजनल पार्क के सामने ही होगा। कांग्रेस ने आयोजन के लिए आईडीए को करीब 10 लाख रुपए शुल्क जमा कर दिया है। इसके साथ ही कार्यक्रम को लेकर मैदान और शुल्क से जुड़ा विवाद फिलहाल खत्म हो गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पहले आरोप लगाया था कि आईडीए ने रीजनल पार्क मैदान के लिए 10.5 लाख रुपए शुल्क मांगा है।

कांग्रेस ने इस राशि को लेकर सवाल उठाए थे। अब कांग्रेस की ओर से शुल्क जमा किए जाने के बाद आयोजन की जगह तय हो गई है। कांग्रेस ने पहले नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम की अनुमति मांगी थी। हाईकोर्ट के निर्देश का हवाला देकर वहां अनुमति नहीं दी गई थी। कांग्रेस का कहना था कि नेहरू स्टेडियम में पहले राजनीतिक कार्यक्रम हो चुके हैं।

शुल्क को लेकर पहले सामने आई थीं अलग-अलग राशि
नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलने के बाद रीजनल पार्क मैदान को कार्यक्रम के लिए चुना गया। कांग्रेस के मुताबिक, मैदान के लिए पहले 2.5 लाख रुपए की राशि बताई गई थी। बाद में यह 1.25 लाख रुपए बताई गई। इसके बाद आईडीए की ओर से 10.5 लाख रुपए शुल्क मांगे जाने की बात सामने आई।

चिंटू चौकसे ने इस राशि को लेकर सवाल उठाते हुए कहा था कि इसी मैदान को पटाखा दुकानों और कमर्शियल मार्केट के लिए करीब 2 लाख रुपए में दिया जाता है। ऐसे में पांच दिन के कार्यक्रम के लिए इतनी राशि मांगने का आधार पूछा गया था।

तय समय पर ही होगा कार्यक्रम
कांग्रेस ने अब स्पष्ट कर दिया है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम तय समय पर रीजनल पार्क के सामने ही आयोजित होगा। इसके लिए आईडीए को करीब 10 लाख रुपए जमा कर दिए गए हैं। चौकसे ने पहले आरोप लगाया था कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा डरी हुई है और जहां-जहां उनके कार्यक्रम होते हैं, वहां अड़चनें पैदा की जा रही हैं।

Share