धार में अवैध शराब पर आबकारी विभाग की कार्रवाई: दो ठिकानों से 123.78 लीटर मदिरा जब्त; दो आरोपी जेल भेजे

धार। जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। अभियान के तहत सरदारपुर और बदनावर क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाई की गई। दोनों जगह से कुल 123.78 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना के आदेश पर उपायुक्त आबकारी संभाग इंदौर इंदर सिंह जामोद और सहायक आबकारी आयुक्त जिला धार दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में कार्रवाई हुई। जिला कंट्रोलर प्रशान्त मंडलोई, सहायक जिला आबकारी अधिकारी एनआर अलावा एवं डॉ. निलेश कुमार नेमा के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने कार्रवाई की।
उजाड़िया में 69.78 लीटर विदेशी शराब जब्त
आबकारी वृत्त सरदारपुर की टीम ने ग्राम उजाड़िया में मुकेश पिता मोहन जमरा के मकान की तलाशी ली। इस दौरान 69.78 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 33 हजार 50 रुपए बताई गई है। आरोपी मुकेश जमरा के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक अश्विनी रोजड़े, मुख्य आरक्षक शोभाराम बघेल, आरक्षक सुरेंद्र सिंह मोहरे और अंकित सिंह चौहान शामिल रहे।
बखतगढ़ में 54 लीटर देशी शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई आबकारी वृत्त बदनावर-अ की टीम ने ग्राम बखतगढ़ में की। यहां गोपाल पिता राजेंद्र धबई के रिहायशी मकान की तलाशी ली गई। इस दौरान 6 पेटी देशी मदिरा प्लेन और मसाला बरामद हुई। इसमें कुल 54 बल्क लीटर शराब थी। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 हजार 500 रुपए बताई गई है।
आरोपी गोपाल धबई के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक वर्षा राजपूत, मुख्य आरक्षक परमानंद चौधरी, आरक्षक नीलम मकवाना और राहुल बबेरिया शामिल रहे।