धार में गिट्टी खदान के गड्ढे में डूबने से 12वीं के छात्र की मौत: नहाते समय पैर फिसला; साथी को ग्रामीणों ने बचाया

धार। राजोद-कचनारिया मार्ग पर शुक्रवार दोपहर क्रेशर मशीन के पास स्थित गिट्टी खदान के गड्ढे में भरे पानी में नहाने गए 12वीं के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। हादसे में उसका एक साथी घायल हो गया। उसे राजगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजोद में कक्षा 12वीं का छात्र आयुष (17) पिता मुकेश सूर्यवंशी निवासी निपावली शुक्रवार को स्कूल नहीं गया था।
वह अपने दो दोस्तों पुष्पेंद्र सिंह पिता राजेंद्र सिंह और एक अन्य साथी के साथ बाइक से कचनारिया रोड स्थित खदान के गड्ढे पर नहाने गया था। दोपहर करीब 2 बजे नहाने के दौरान आयुष का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने मदद के लिए आवाज लगाई।
ट्रैक्टर चालकों ने दिखाई तत्परता
घटना के समय खदान से ट्रैक्टर में गिट्टी भरकर गुजर रहे ग्रामीण हिंदू सिंह ओसारी और करण सिंह डामर निवासी शंकरपुरा ने मदद की पुकार सुनी। दोनों तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी में छलांग लगा दी।
हिंदू सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब 10 फीट गहरे पानी से पुष्पेंद्र सिंह को बाहर निकाला। इसके बाद उसके सीने को दबाकर नाक-मुंह से पानी बाहर निकाला गया। साथियों ने बताया कि आयुष भी पानी के अंदर है। इसके बाद दोनों ग्रामीणों ने उसे तलाशकर बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसके शरीर में कोई हलचल नहीं बची थी।

किनारे पर चप्पल और नाश्ते का सामान मिला
घटनास्थल के किनारे छात्रों की चप्पलें और नाश्ते का सामान रखा मिला। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त बाइक से खदान के गड्ढे में नहाने पहुंचे थे। हादसे में घायल पुष्पेंद्र सिंह का राजगढ़ के निजी अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

स्कूल में अनुपस्थित था छात्र
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजोद की प्राचार्य अनीता मेडा ने पुष्टि की कि आयुष शुक्रवार को विद्यालय में उपस्थित नहीं हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र के शव का शनिवार सुबह सिविल अस्पताल सरदारपुर में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।