कांग्रेस ने मनाया एक लाख पंजीयन का जश्न: राहुल गांधी के 19 सितंबर के कार्यक्रम के लिए पंजीयन पूरा; युवाओं में उत्साह

इंदौर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने एक लाख पंजीयन पूरे होने का जश्न मनाया।
सोमवार शाम भोलाराम उस्ताद मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे मौजूद रहे।
एक लाख पंजीयन पूरे होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। इस दौरान मिठाई बांटी गई। भोलाराम उस्ताद मार्ग के बड़ी संख्या में छात्र और युवा भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
पटवारी बोले- कांग्रेस ने उठाई युवाओं की आवाज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने छात्रों और युवाओं की आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा सत्र के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इससे छात्रों में उम्मीद जगी है कि राहुल गांधी के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान हो सकता है।
चौकसे बोले- छात्रों में सरकार के प्रति गुस्सा
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि भाजपा की दिल्ली और भोपाल सरकार के रवैये को लेकर छात्रों में गुस्सा है। कांग्रेस इस गुस्से को सरकार तक पहुंचाएगी। साथ ही छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाई जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में हुए पंजीयन से युवाओं और छात्रों की कार्यक्रम में रुचि सामने आई है।