डेली कॉलेज ने 2-0 की जीत से किया आगाज: विद्या देवी जिंदल स्कूल; हिसार को हराकर अगले दौर में पहुंचा

इंदौर। डेली कॉलेज, इंदौर ने विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-0 से पराजित कर द एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी बैडमिंटन प्रतियोगिता के पूल बी के अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में खेली जा रही है। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में टीम मुकाबले खेले गए। देशभर के प्रतिष्ठित विद्यालयों से पहुंचीं बालिका खिलाड़ियों ने कोर्ट पर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
अंडर-14 में मेजबान स्कूल की जीत
अंडर-14 बालिका पूल-बी के मुकाबले में मेजबान द एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने द लॉरेंस स्कूल, सनावर को 2-0 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर.के. पुरम ने एल.के. सिंघानिया एजुकेशन सेंटर, गोटन को 2-0 से तथा यादविंद्रा पब्लिक स्कूल, मोहाली ने द लॉरेंस स्कूल, सनावर को 2-0 से शिकस्त दी। वेल्हम गर्ल्स स्कूल, देहरादून ने मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय, हरियाणा को 2-0 से हराया। राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर को 2-0 से तथा मॉडर्न स्कूल, नई दिल्ली ने विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-0 से शिकस्त दी।
दिल्ली पब्लिक स्कूल 2-0 से जीता
अंडर-17 बालिका वर्ग के पूल-ए में द एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने द लॉरेंस स्कूल, लव्डेल को 2-0 से हराकर विजयी शुरुआत की। अन्य मुकाबलों में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय ने डेली कॉलेज, इंदौर को 2-0 से, दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर.के. पुरम ने द लॉरेंस स्कूल, सनावर को 2-0 से तथा राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, जोधपुर को 2-0 से शिकस्त दी।
अंडर-19 में भी जीता डेली कॉलेज
अंडर-19 बालिका वर्ग में डेली कॉलेज, इंदौर ने वेल्हम गर्ल्स स्कूल, देहरादून को कड़े मुकाबले में 2-1 से पराजित किया। पूल-ए में राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय, हरियाणा को 2-0 से हराया जबकि मॉडर्न स्कूल, बाराखंभा, नई दिल्ली ने विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-0 से मात दी। स्पर्धा का शुभारंभ स्कूल के संचालक मुक्तेश सिंह, स्पोर्ट्स ऑफिसर अकरम खान, मध्य प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के शशिकांत खरे के आतिथ्य में हुआ।