राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज: 32 जोन में कांग्रेस की टीमें तैनात; छात्रों से करेंगी सीधा संवाद

इंदौर। राहुल गांधी के इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसे लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने अलग-अलग बैठकें कीं। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे की मौजूदगी में बैठकों का दौर चला।
NSUI और यूथ कांग्रेस की संयुक्त बैठक
सुबह 9 बजे NSUI और यूथ कांग्रेस की संयुक्त बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की तैयारियों और युवाओं तक पहुंच बनाने को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद सुबह 11 बजे शहर और ग्रामीण कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों तथा नगर अध्यक्षों की संयुक्त बैठक हुई।
32 जोन में टीमें तैनात
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि पूरे इंदौर जिले को 32 जोन में बांटा गया है। सभी जोन में NSUI, यूथ कांग्रेस, शहर कांग्रेस और ग्रामीण कांग्रेस की अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, लाइब्रेरी, कैफे और मेस में जाकर छात्रों से सीधा संवाद करेंगी। कार्यक्रम की जानकारी छात्रों तक पहुंचाने के साथ उन्हें कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
एक लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
कांग्रेस के मुताबिक कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह है। पार्टी का दावा है कि अभी तक एक लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। कांग्रेस की ओर से कहा गया कि इसके लिए किसी बड़े अभियान के बिना ही इतनी संख्या में रजिस्ट्रेशन हुए हैं।
शाम 7 बजे मनाया जाएगा जश्न
एक लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन होने पर कांग्रेस की ओर से बुधवार शाम 7 बजे भोलाराम उस्ताद मार्ग पर जश्न मनाया जाएगा। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।