|

झाबुआ के मेघनगर में प्रदूषण पर कार्रवाई: 4 फैक्ट्रियां सील; पेयजल और स्वास्थ्य की भी होगी जांच

झाबुआ। मेघनगर औद्योगिक क्षेत्र से फैल रहे जल और वायु प्रदूषण की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट और एसपी देवेंद्र पाटीदार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अंतरवेलिया, बेड़ावली, फतेहपुरा, झायड़ा सहित प्रभावित क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

लापरवाही मिलने पर 4 उद्योग सील करने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही और अनियमितता मिलने पर मध्यभारत इंडस्ट्री, राठौर इंडस्ट्री, सिद्धिविनायक इंडस्ट्री और शीतल इंडस्ट्री को तत्काल सील करने के निर्देश दिए। प्रदूषण की समस्या की नियमित निगरानी के लिए प्रशासन, पुलिस और स्थानीय प्रतिनिधियों की संयुक्त समिति गठित की जाएगी। समिति हर महीने स्थिति की समीक्षा करेगी।

पेयजल से लेकर स्वास्थ्य जांच तक पर फोकस
स्थायी समाधान के लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

इसके लिए पीएचई सहित संबंधित विभाग कार्ययोजना तैयार करेंगे।इसके अलावा प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण, कृषि भूमि और पशुधन पर प्रदूषण के संभावित दुष्प्रभावों का सर्वे कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ जितेंद्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी और एसडीएम अवनधती प्रधान सहित अधिकारी मौजूद रहे।

Share