कटनी के पिलौंजी में सड़क बनी दलदल: कीचड़ और गड्ढों से गाँव वाले परेशान; स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें

कटनी। ग्राम पंचायत पिलौंजी में गांव की मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और पानी भर गया है। गहरे गड्ढों के कारण इस मार्ग से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग के बावजूद पंचायत के जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
बारिश होते ही सड़क बन जाती है दलदल
बारिश का मौसम शुरू होते ही सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। जगह-जगह पानी जमा होने के साथ पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन निकालना मुश्किल हो रहा है। कई स्थानों पर कीचड़ इतना अधिक है कि लोगों को संभलकर पैदल निकलना पड़ता है।

स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी
सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। रोजाना इसी रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चों के कपड़े और जूते कीचड़ से खराब हो जाते हैं। फिसलन के कारण बच्चों के गिरकर घायल होने का खतरा भी बना हुआ है। बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ सुधार
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और निर्माण के लिए पंचायत के सरपंच एवं सचिव से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश के दिनों में हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन पंचायत स्तर पर सड़क को दुरुस्त कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पक्की सड़क की मांग की
सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर सड़क का जल्द निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में राहत मिलेगी।