|

धार में जुआ-सट्टे में पुलिस ने 8 महीने में 434 आरोपी गिरफ्तार किए: 45 को मिली सजा; 6.69 लाख नकद और 4 वाहन जब्त

धार। जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों को पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी सचिन शर्मा के निर्देशन में पिछले आठ माह में पुलिस ने जुआ और सट्टे के मामलों में 434 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अब चालान पेश करने की प्रक्रिया पर भी फोकस बढ़ाया है। इसका नतीजा यह रहा कि अब तक 45 आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाई जा चुकी है।

एसपी सचिन शर्मा ने मासिक समीक्षा बैठक में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ उन स्थानों को चिन्हित किया है, जहां पहले जुआ और सट्टा संचालित होने की सूचनाएं मिलती रही हैं। इन स्थानों की लगातार निगरानी और चेकिंग की जिम्मेदारी एसडीओपी स्तर के अधिकारियों को दी गई है।

एएसपी विजय डावर और एएसपी पारुल बेलारपुरकर के मार्गदर्शन में कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम बिडवाल में भी पुलिस ने कार्रवाई की। सूचना के बाद तीन टीमों ने घेराबंदी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 15 हजार रुपए नकद जब्त किए। मनावर, राजगढ़, कुक्षी, धामनोद, बगदून और गंधवानी थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई की है।

जुए के 48 मामलों में 282 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिछले आठ माह में जुए के 48 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें 282 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी जब्त की गई।

इसी अवधि में सट्टे के 87 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें 152 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जुआ और सट्टे की कार्रवाई में पुलिस ने कुल 6 लाख 69 हजार रुपए नकद जब्त किए। इसके अलावा तीन बाइक और एक कार भी जब्त की गई है।

चालान पेश करने पर भी फोकस
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रकरणों की विवेचना जल्द पूरी कर न्यायालय में चालान पेश करने की रणनीति अपनाई है। जुए के 48 मामलों में से 19 प्रकरणों में चालान कोर्ट में पेश किए गए। इनमें न्यायालय ने 24 आरोपियों को सजा सुनाई।

वहीं सट्टे के 87 मामलों में से 52 प्रकरणों के चालान पेश किए जा चुके हैं। इन मामलों में न्यायालय ने 22 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है।

‘अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा’
एसपी सचिन शर्मा ने कहा कि जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अब तक 434 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और प्रकरणों की विवेचना पूरी कर समय पर न्यायालय में चालान पेश किए जा रहे हैं। जुआ, सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share