| |

विधायक शेखावत ने 13 पंचायतों को दिए पेयजल टैंकर: 28 भजन मंडलियों को वाद्य यंत्र; मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

धार। कांग्रेस विधायक भंवरसिंह शेखावत ने विधानसभा क्षेत्र की 13 ग्राम पंचायतों को पेयजल टैंकर, 28 भजन मंडलियों को वाद्य यंत्र तथा कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹5,000 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।

विधायक निधि से मूलभूत सुविधाओं पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शेखावत ने कहा कि विधायक निधि की राशि जनता की है। इसका उपयोग क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और जनहित के कार्यों में होना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या को दूर करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों को टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए भजन मंडलियों को वाद्य यंत्र दिए गए हैं। प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है।

पेपर लीक की घटनाओं पर जताई चिंता
विधायक ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। महत्वपूर्ण परीक्षाओं के पेपर बार-बार लीक होना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। ऐसी घटनाओं से विद्यार्थियों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। सरकार को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाकर युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना चाहिए।

कार्यक्रम को जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण, जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह जानकारी विधायक के निज सहायक आरपी सिंह ने दी।

Share