मनावर में अवैध शराब पर आबकारी की कार्रवाई: रहवासी मकान से 20 पेटी शराब जब्त; कीमत 1.02 लाख रुपए

धार। जिले के मनावर वृत्त में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रणतालाब बयड़ीपुरा स्थित एक रहवासी मकान पर दबिश दी। टीम ने मकान से 20 पेटियों में रखी 188.4 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 2 हजार 2 रुपए बताई गई है।
मकान में रखी थी अवैध शराब
सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में आबकारी उप निरीक्षक एकता सोनकर और उनकी टीम ने मकान पर छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब मिली, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी फरार
आबकारी टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। विभाग ने आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी की तलाश के साथ मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
आबकारी टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में वृत्त मनावर के स्टाफ नारायण सिंह भवलकर, अमर बघेल और रोशनी कोठे का विशेष योगदान रहा। आबकारी उप निरीक्षक एकता सोनकर ने कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी भी जारी की है।