पेरा टेबल टेनिस में भारत का जलवा: 6 स्वर्ण समेत जीते 16 पदक; इंदौर की भी अहम भूमिका

इंदौर। लाहटी (फिनलैंड) के ओलिंपिक ट्रेनिंग सेंटर में खेली गई वर्ल्ड पेरा फ्यूचर टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण पदकों सहित कुल 16 पदक जीते। भारतीय खिलाड़ियों ने एकल वर्ग में 10 और युगल वर्ग में 6 पदक हासिल किए। यह भारतीय पेरा खिलाड़ियों का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। प्रतियोगिता में 28 सदस्यीय भारतीय दल सहित 30 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
एकल वर्ग में 10 पदक
भारतीय दल के प्रमुख (हेड ऑफ द डेलीगेशन) ओम सोनी और मुख्य प्रशिक्षक जयेश आचार्य ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को ऐतिहासिक बताया। पुरुष एकल के क्लास-2 में एच.एम. जगन्नाथ ने ऑस्ट्रिया के पाउगर डी को, क्लास 9-10 में हितेश डोलवानी ने फ्रांस के सिगोलोट्टी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। महिला एकल क्लास 2-5 में विजया दीपिका ने भारत की ही सोनल पटेल को हराकर स्वर्ण हासिल किया। क्लास 9-10 में नतानिया जियान ने भारत की बेबी सहाना को मात देकर स्वर्ण जीता।
नूरजहां जमानी, सोनल पटेल और बेबी सहाना ने रजत पदक हासिल किए। जे.डी. मदान, शुभम वाधवा और ए. सविता ने कांस्य पदक जीते। इस तरह एकल वर्ग में भारत को कुल 10 पदक मिले।
सुमित सहगल ने जीते दो स्वर्ण
पुरुष युगल के फाइनल में रमेश चौधरी-सुमित सहगल की भारतीय जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के इब्राहिम-अब्दुल रहमान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं सुमित सहगल ने दीपिका रानी के साथ मिश्रित युगल में फिनलैंड के कसावेई-आईनो तापोला को शिकस्त देकर दूसरा स्वर्ण अपने नाम किया।
सोनल पटेल-रमेश चौधरी की जोड़ी ने मिश्रित युगल में रजत पदक जीता। शुभम वाधवा, जे.डी. मदान, प्राची पांडे, सविता अज्जनकट्टी तथा शिवम पाल-नूर जमानी ने कांस्य पदक हासिल किए। इस तरह युगल वर्ग में भारत ने 6 पदक जीते।

भारतीय दल में इंदौर की अहम भूमिका
पेरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद गंगराड़े ने बताया कि भारतीय टीम की इस सफलता में मध्य प्रदेश, खासकर इंदौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इंदौर के ओम सोनी दल प्रमुख और जयेश आचार्य मुख्य प्रशिक्षक रहे। रिंकु आचार्य सहयोगी प्रशिक्षक और पवन कारपेंटर फिजियोथेरेपिस्ट रहे। गुजरात के कल्पेश ठक्कर प्रशिक्षक तथा श्रुति सोनी फिजियोथेरेपिस्ट थीं। पदक विजेता खिलाड़ियों को नरेंद्र कौशिक, प्रमोद सोनी, नीलेश वेद, गौरव पटेल, अमित कोटिया और नरेन्द्र शर्मा ने शुभकामनाएं दीं।