| | | |

विजय के नाम पर इंदौर में साइबर फ्रॉड: फाउंडेशन से मदद दिलाने का झांसा; विदेश में पढ़ाई के नाम पर वसूली

इंदौर। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के नाम का इस्तेमाल कर शहर में साइबर ठगी हो रही है। ठग फाउंडेशन से आर्थिक मदद दिलाने का झांसा देकर लोगों को बिजनेस, एजुकेशन और स्टार्टअप लोन दिलाने का लालच दे रहे हैं।

विदेश में पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दिलाने की बात कहकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाया जा रहा है। ठग पहले लोगों को ऑनलाइन लिंक भेजते हैं।

इस लिंक के जरिए रजिस्ट्रेशन कराने के बाद GST, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे जमा कराए जाते हैं। शुरुआती तौर पर कम राशि की मांग के बाद अलग-अलग बहाने बनाकर और रकम वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच
इंदौर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल को इस तरह की कई शिकायतें मिली हैं। शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम ठगों के मोबाइल नंबर, ऑनलाइन लिंक, बैंक खातों और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच कर रही है।

तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में इंदौर पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर पुलिस तमिलनाडु पुलिस के भी संपर्क में है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के पीछे एक ही गिरोह है या अलग-अलग लोग एक जैसे तरीके से लोगों को निशाना बना रहे हैं।

डिजिटल नेटवर्क की जानकारी जुटा रहे 
पुलिस आरोपियों के डिजिटल नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाकर उनकी तलाश कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना, फाउंडेशन या लोन के नाम पर भेजे गए अनजान लिंक पर रजिस्ट्रेशन करने या शुल्क जमा करने से पहले उसकी पूरी जानकारी की पुष्टि करें।

Share