|

धार पुलिस ने ढूंढा 2 लाख की ज्वेलरी से भरा पर्स: बस बदलते समय हुआ गुम; CCTV फुटेज से ट्रेस की लोकेशन

धार। बस स्टैण्ड से गुम हुए ज्वेलरी से भरे पर्स को ढूंढने के लिए कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और उसे मालिक को सौंप दिया।

चालनी (हाल मुकाम पीथमपुर) निवासी अलका (20) पिता मोहन पटेलिया ने थाना कोतवाली धार पहुंचकर सूचना दर्ज कराई। वह अमझेरा से पीथमपुर जा रही थी।

धार बस स्टैण्ड पर पीथमपुर के लिए बस बदलते समय उसका पर्स अचानक कहीं गिर गया। पीड़िता के अनुसार, पर्स में डेढ़ तोला सोने की झुमकी रखी थी, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख है।

सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत धार बस स्टैण्ड और आसपास के इलाके में पहुंची। पुलिस टीम ने बस स्टैण्ड परिसर तथा निकटवर्ती क्षेत्रों में लगे एक दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी कैमरों की मदद और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने पर्स की सटीक लोकेशन ट्रेस कर उसे सकुशल बरामद कर लिया।

इन्होंने निभाई अहम भूमिका 
बरामद गहने और पर्स को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अलका पटेलिया को सौंप दिया। जेवरात वापस पाकर पीड़िता ने धार पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अजय सिंह चौहान (142), प्रधान आरक्षक अरविंद चौहान (861), आरक्षक रामनरेश यादव (461) तथा आरक्षक राममूर्ति (137) की अहम भूमिका रही।

Share