कटनी के आरुष का राष्ट्रपति भवन में हुआ सम्मान: द्रौपदी मुर्मू ने बांधी राखी; पैरा जूडो चैंपियनशिप में जीता था सिल्वर

कटनी। पैरा जूडो खिलाड़ी आरुष सिंह को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने का मौका मिला। रक्षाबंधन के विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने आरुष की कलाई पर राखी बांधी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आरुष को लगातार मेहनत करने और बेहतर जूडो खिलाड़ी बनकर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
आरुष कटनी के सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास, प्रेमनगर में रहकर पढ़ाई और खेल की तैयारी कर रहा है। उसने 14वीं नेशनल पैरा जूडो चैंपियनशिप-2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। यह प्रतियोगिता 19 से 23 दिसंबर 2025 तक राजस्थान के श्रीगंगानगर में आयोजित हुई थी।
राष्ट्रपति भवन में हुआ सम्मान
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि के बाद आरुष को राष्ट्रपति भवन में सम्मान मिला। राष्ट्रपति द्वारा राखी बांधने का पल उसके लिए खास रहा। इस दौरान उसे आगे भी मेहनत जारी रखने और खेल के क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ाने की प्रेरणा मिली। दिल्ली प्रवास के दौरान आरुष ने प्रधानमंत्री संग्रहालय, अमृत उद्यान और किला राय पिथौरा प्रदर्शनी भी देखी ।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दी शुभकामनाएं
इस ऐतिहासिक अवसर पर आरुष के मार्गदर्शन और सहयोग में अनिल त्रिपाठी, ए.पी.सी. (आई.ई.डी.), जिला शिक्षा केन्द्र, कटनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरुष की उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पाण्डेय, जिला परियोजना समन्वयक प्रेमनारायण तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयकगण, जिला शिक्षा केन्द्र के समस्त कर्मचारी, विकासखंड स्त्रोत केन्द्र समन्वयकगण, वार्डन, एम.आर.सी. एवं छात्रावास के कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।