रीवा में जच्चा-बच्चा मौत मामले में 2 डॉक्टर निलंबित: ड्यूटी में लापरवाही का आरोप; जांच रिपोर्ट का इंतजार

रीवा। गांधी स्मारक चिकित्सालय में प्रसूता कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत के मामले में अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए ड्यूटी डॉक्टर डॉ. सोनल अग्रवाल और डॉ. निधि पाण्डेय (एनेस्थीसिया विभाग) को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही और गंभीर अनुशासनहीनता के आरोप लगाए गए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
निलंबन अवधि में अधीक्षक कार्यालय में रहेंगी दोनों डॉक्टर
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार निलंबन अवधि में दोनों डॉक्टरों की पदस्थापना संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक कार्यालय, गांधी स्मारक चिकित्सालय रीवा में रहेगी। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कल प्रसूता और नवजात की मौत हुई थी
दरअसल, बीते दिन गांधी स्मारक चिकित्सालय में प्रसव के लिए भर्ती प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और इलाज में लापरवाही को लेकर सवाल उठाए थे।
बताया गया कि कल्पना को ऑपरेशन थिएटर ले जाया जा रहा था। उस दौरान वह डरी हुई थी और उसके पिता उसे हिम्मत बंधा रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि कुछ ही देर में घर में बच्चे की किलकारी गूंजेगी, लेकिन प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों की मौत की खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया।
मामले की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। अब ड्यूटी पर तैनात दोनों डॉक्टरों के निलंबन की कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि अन्य किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संजय गांधी अस्पताल से जुड़ी बड़ी उम्मीदें
गांधी स्मारक चिकित्सालय और संजय गांधी अस्पताल विंध्य क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र हैं। ऐसे में जच्चा और नवजात की मौत के मामले ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर है।