|

हत्या के विरोध में शव सड़क पर रखकर चक्काजाम: रीवा के दुआरी गांव में चाकू से युवक की हत्या; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

रीवा। चोरहटा थाना क्षेत्र के दुआरी गांव में शुक्रवार सुबह युवक की चाकू से गोदकर हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने उसे सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। वे हत्या में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

सुबह चाकू से गोदकर की गई हत्या
जानकारी के अनुसार दुआरी गांव में मोहम्मद इसरार की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर चोरहटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा।

पोस्टमार्टम के बाद शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव सड़क पर रख दिया। इसके बाद चक्काजाम कर दिया गया। जाम के कारण सड़क पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।

पुलिस के आश्वासन के बाद खत्म किया जाम
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो गया।

संदिग्धों से पूछताछ, गांव में तनाव
चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि परिजनों द्वारा बताए गए संदेहियों में से कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द आरोपी की गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बनाए हुए है और हत्या के कारणों सहित पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share