|

श्री राधाकृष्ण सरकार का आकर्षक श्रृंगार: झाबुआ में धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन पर्व; भगवान को अर्पित किया रक्षासूत्र

झाबुआ। शहर के हृदय स्थल राजवाड़ा चौक स्थित श्री राधाकृष्ण सरकार मंदिर में रक्षाबंधन का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर भगवान राधाकृष्ण का विशेष और मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिर के महंत अजय बैरागी और मनीष बैरागी ने आयोजन की जानकारी दी। मथुरा से मंगाई पोशाक से किया भगवान का श्रृंगार, इस अवसर पर मथुरा से विशेष रूप से मंगाई गई आकर्षक पोशाक से भगवान का श्रृंगार श्रीमती देविका बैरागी ने किया। वहीं मंदिर सदस्य ओजस्व बैरागी द्वारा दिल्ली से मंगाए गए विदेशी फलों का विशेष भोग भगवान को अर्पित किया गया।

लड्डू गोपाल को अर्पित किया रक्षासूत्र
निर्धारित मुहूर्त में तुलसी सेवा समिति की संरक्षक श्रीमती देविका बैरागी ने भगवान लड्डू गोपाल को रक्षासूत्र यानी राखी अर्पित की। इस दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। भगवान के आकर्षक श्रृंगार और मनोहारी झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे।

भक्तिमय वातावरण में मनाया पर्व
मंदिर में भगवान के विशेष श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भक्तिभाव से अभिभूत नज़र आए। रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर महंत मनीष बैरागी और अजय बैरागी ने नगर की समस्त धर्मप्रेमी जनता को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं और बधाई दी।

Share