उज्जैन में शोरूम मालिक की हत्या: चाकू से किया हमला; हॉर्न बजाने पर शुरू हुआ विवाद

उज्जैन। गुरुवार देर रात रास्ते से हटने के लिए हॉर्न बजाने की बात को लेकर हुए विवाद में युवकों ने तीन दोस्तों पर चाकुओं से हमला कर दिया। घटना मे ट्रैक्टर शोरूम संचालक की मौत हो गई ओर उसके दो दोस्त घायल हुए हैं। युवक का शव आज सुबह मिला है।
ऋषि नगर निवासी यश पिता विजय नारायण मित्तल (27) का ट्रेक्टर शोरूम है। शुक्रवार सुबह 5 बजे उसकी खून से सनी लाश दमदमा स्थित जिला पंचायत कार्यालय के पास मिली है।
पुलिस के अनुसार यश अपने चार-पांच दोस्तों के साथ गुरुवार रात में कार से साथी को छोड़ने जा रहा था। ढाई बजे दमदमा मोड़ के पास रास्ते में कुछ युवक खड़े थे। यश और उसके दोस्तों ने रास्ते से हटने के लिए हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
चाकू से किया हमला
विवाद बढ़ने पर रास्ते में मौजूद 7-8 युवकों ने यश और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए यश और उसके दोस्त अलग-अलग दिशाओं में भागे। इसी दौरान हमलावरों ने यश का पीछा किया और चाकू से गोद दिया।
दोस्तों से बिछड़ा यश, 100 मीटर दूर गिरा
हमले के दौरान यश अपने दोस्तों से बिछड़ गया। चाकू लगने के बाद वह जान बचाने के लिए दौड़ता हुआ आगे गया, लेकिन 100 से 150 मीटर दूर जिला पंचायत कार्यालय के आगे गिर गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना में यश के दोस्त अभय व्यास और मंगल भी चाकू लगने से घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही माधव नगर पुलिस मौके पर पहुंची और यश की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद उसका शव जिला पंचायत कार्यालय के आगे मिला।
आरोपियों की तलाश
पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए रात में ही दबिश देना शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच में आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर, शेंटू के नाम सामने आए हैं। इनमें कुछ आरोपी दमदमा क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने चार से पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विवाद की शुरुआत और हत्या के पीछे की पूरी वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है।