इंदौर महापौर ने सफाई मित्र से बंधवाई राखी: बोले- बहनों का समर्पण प्रेरणादायी; शहर याद रखेगा योगदान

इंदौर। रक्षाबंधन पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपने घर पर सफाई मित्र बहनों से राखी बंधवाई और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सफाई मित्र बहनें रोज अपने परिश्रम और समर्पण से इंदौर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनके साथ त्योहार मनाना गर्व का विषय है।
सफाई मित्र बहनों का समर्पण प्रेरणादायी
पुष्यमित्र ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, सम्मान और जिम्मेदारी के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर भी है। सफाई मित्र बहनें जिस समर्पण के साथ शहर की सेवा कर रही हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायी है।
योगदान हमेशा याद रखा जाएगा
महापौर ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता की पहचान के पीछे सफाई मित्रों की मेहनत सबसे बड़ी ताकत है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
महापौर का आभार व्यक्त किया
इस दौरान सफाई मित्र बहनों ने भी महापौर को राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की। महापौर ने सभी बहनों के साथ रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं और उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।