| | |

अनुष्का-अंश ने जीती अंडर-17 फर्राटा दौड़: 100 मीटर में शानदार प्रदर्शन; 70वीं अंतरविद्यालयीन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिखाया दम

इंदौर। एमराल्ड हाइट्स की अनुष्का मेंढे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित 70वीं अंतरविद्यालयीन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने 13.30 सेकंड का समय निकाला। वहीं, एमराल्ड के ही अंश पटेल ने बालक वर्ग में 11.75 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता अंडर-14, 17 और 19 के बालक-बालिका वर्ग में आयोजित की गई।

100 और 200 मीटर में एमराल्ड का दबदबा
अंडर-17 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रेंकर्स इंटरनेशनल की श्रुति जायसवाल दूसरे और सेंट अर्नाल्ड की सराहना सिंह तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, 200 मीटर दौड़ में भी एमराल्ड की निहारिका उपाध्याय ने 29.12 सेकंड का समय निकालकर प्रथम स्थान हासिल किया। वेदांस इंटरनेशनल की शगुन मूंदड़ा दूसरे और दिल्ली पब्लिक स्कूल की श्रद्धा नांदेड़ा तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रज्ञा ने पहला स्थान हासिल किया
400 मीटर दौड़ में डीपीईएस की प्रज्ञा ने 1 मिनट 16.93 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। एपीएस महू की सुहानी चौधरी दूसरे और सेंट अर्नाल्ड विजय नगर की उन्नति गोवारिया तीसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर में सनराइज की ऋचा त्रिपाठी और 1500 मीटर में सांदीपनि मल्हार आश्रम की दिव्या गौड़ ने प्रथम स्थान हासिल किया। 100 और 400 मीटर हर्डल्स में एमराल्ड की ग्रेस मार्टिन अव्वल रहीं, जबकि 3000 मीटर वॉक में एमपी पुलिस की दीपिका खत्री ने प्रथम स्थान हासिल किया।

200 मीटर में देवराज प्रथम, अंकित ने जीती दो दौड़
अंडर-17 बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में एमराल्ड के देवराज सिंह ने 24.58 सेकंड का समय निकालकर प्रथम स्थान हासिल किया। सेंट रैफ्लस एकेडमी के श्लोक जांगरे दूसरे और अरोहन गिरवाल तीसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर में किला मैदान के अंकित पाल प्रथम, आशीष पाल द्वितीय और एनडीपीएस के प्रीतिया तीसरे स्थान पर रहे। अंकित पाल ने 800 मीटर दौड़ में भी पहला स्थान हासिल किया। 1500 मीटर में मॉडर्न इंटरनेशनल के अनमोल पटेल ने बाजी मारी।

5000 मीटर में एमराल्ड के चिनमय सलूजा प्रथम स्थान पर
110 मीटर हर्डल्स में पीएम श्री बेटमा के शिवराज अखाड़िया, 400 मीटर हर्डल्स में बाल विनय के कार्तिक पुरोहित, 3000 मीटर में पीएम श्री बेटमा के आर्यन बामनिया और 5000 मीटर में एमराल्ड के चिनमय सलूजा प्रथम स्थान पर रहे। लॉन्ग जंप में एमराल्ड के देवराज सिंह और हाई जंप में गौतम मेहंदिया ने पहला स्थान हासिल किया। शॉटपुट में एमराल्ड के निर्वाण चौधरी प्रथम रहे।

सांदीपनि की खनक सबसे तेज
अंडर-19 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सांदीपनि महू की खनक ने 15.67 सेकंड का समय निकालकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अन्य मुकाबलों में 200 मीटर में सांदीपनि की खनक धोते, 400 मीटर में सांदीपनि की प्रतिज्ञा राठौर तथा 800 और 1500 मीटर दौड़ में शारदा कन्या की चंचल सावनेर प्रथम स्थान पर रहीं।
Share