| |

रक्षाबंधन मनाने वृद्धआश्रम पहुंचे कैलाश विजयवर्गी: बोले- और बढ़ने चाहिए चीनी के दाम; ट्रम्प को कहा फूफा

इंदौर। कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को वृद्ध सेवा आश्रम में रक्षाबंधन मनाया। ‘आओ बनाएं रक्षाबंधन, अपनों के संग’ अभियान के तहत परदेशीपुरा के आस्था वृद्ध सेवा आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

चीनी के बढ़ते दामों पर उन्होंने कहा कि चीनी खाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है इसलिए चीनी के दाम और बढ़ने चाहिए। आयुर्वेद भी चीनी ना खाने की सलाह देता है।

कार्यक्रम के बाद मंत्री ने चीनी की बढ़ती कीमतों, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, कांग्रेस के सड़क प्रदर्शन और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार के बारें में बयान दिया।

वृद्ध सेवा आश्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए
परदेशीपुरा स्थित आस्था वृद्ध सेवा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक रमेश मेंदोला सहित शहर के कई जनप्रतिनिधि और पार्षद भी मौजूद रहे। मंत्री विजयवर्गीय ने आश्रम के बुजुर्गों, दिव्यांग बच्चों और महिलाओं के साथ समय बिताया।

बच्चों के साथ खेली अंताक्षरी 
मंत्री ने बच्चों के साथ अंताक्षरी खेली, फिल्मी गीत और भजन गाए। बुजुर्ग महिलाओं और दिव्यांग बच्चियों ने मंत्री को राखी बांधी, जिसके बाद उन्होंने सभी का आशीर्वाद लिया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वे हर साल दीपावली और रक्षाबंधन आस्था वृद्ध सेवा आश्रम में ही मनाते है।

90% लोग चीनी खाते ही नहीं
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने चीनी की बढ़ती कीमतों पर कहा कि- आज 90% लोग चीनी खाते ही नहीं है। कुछ समय पहले चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी जरूर हुई थी, लेकिन अब दाम कम होने लगे हैं। जो चीनी 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, वह अब 60 रुपये प्रति किलो के आसपास आ गई है।

चीनी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक
मंत्री ने कहा चीनी खाना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। मेरा मानना है कि चीनी के दाम और बढ़ जाने चाहिए। वैसे भी 40 की उम्र के बाद मेडिकल साइंस और आयुर्वेद में भी लोगों को चीनी से दूरी बनाने की सलाह देता है।

ट्रंप फूफा का कोई भरोसा नहीं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा वीजा संबंधी फैसलों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री विजयवर्गीय ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “ट्रंप फूफा का कोई भरोसा नहीं है, सुबह कुछ कहते हैं और शाम को कुछ और, इसलिए उनके किसी भी बयान पर अभी टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।”

आदर्श सड़कों पर भी उत्सव मनाए कांग्रेस
खराब सड़कों को लेकर कांग्रेस द्वारा कीचड़ में बैठकर किए प्रदर्शन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को बैठना ही है तो केवल खराब सड़कों पर ही क्यों, शहर की अच्छी और आदर्श सड़कों पर भी जाकर उत्सव मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां सड़कें खराब हैं वहां सुधार का कार्य होगा, लेकिन कांग्रेस को अच्छी सड़कों की भी सराहना करनी चाहिए।

कविता को आगे बढ़ते देखना गर्व की बात 
भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त की गई कविता पाटीदार को लेकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि कविता पाटीदार को वे बचपन से जानते हैं। जब वे महू जाते थे तब कविता के पिता ने उनसे उनका परिचय कराया था। उन्होंने कहा कि जिस बच्ची को उन्होंने बचपन से बढ़ते देखा, आज उसका भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय मंत्री बनना गर्व की बात है।

Share