|

झाबुआ में मिठाई दुकानों और रेस्टोरेंट की जांच: विजय स्वीट्स से 16 किलो खाद्य पदार्थ नष्ट किए; मिठाई-पनीर के सैंपल लिए

झाबुआ। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग और नापतौल विभाग ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। टीम ने कल्याणपुरा और सारंगी में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की क्वालिटी जांची गई। पैकेट पर दी गई जानकारी और नापतौल संबंधी नियम भी देखे गए।

विजय स्वीट्स पर मिली अनियमितता
कल्याणपुरा स्थित विजय स्वीट्स की जांच की गई। यहां मिल्क केक का नमूना लिया गया। जांच के दौरान प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ का विक्रय पाया गया। इसके बाद करीब 16 किलो खाद्य पदार्थ मौके पर ही नष्ट कराया गया। मामले में प्रकरण भी दर्ज किया गया।

पनीर और मिठाइयों के लिए सैंपल
इसके बाद टीम सारंगी पहुंची। यहां कई खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अमूल मिल्क पार्लर से पनीर का नमूना लिया गया। विनायक रेस्टोरेंट और पालीवाल रेस्टोरेंट से बूंदी लड्डू, बर्फी और मावा के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा और वेलसिंह मोरी मौजूद रहे। नापतौल निरीक्षक सचिन चौहान और संजय पांचाल भी टीम में शामिल रहे। विभाग ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नापतौल में गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share