| |

आकाश विजयवर्गीय ने दिए मॉडर्न फर्नीचर: बेहतर पढ़ाई का माहौल देने की पहल; नए पंखे लगाने की तैयारी

इंदौर। विधानसभा क्षेत्र-1 के सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में मंगलवार को पहल की गई। पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने क्षेत्र के दो शासकीय स्कूलों और एक आंगनवाड़ी को मॉडर्न फर्नीचर की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उनकी समस्याएं भी सुनीं।

दो स्कूलों को मिले फर्नीचर के सेट
फर्नीचर उपलब्ध कराने की कड़ी में भागीरथपुरा के शासकीय स्कूल को 40 मॉडर्न फर्नीचर दिए गए। वहीं रफेली के मेहता नगर स्थित शासकीय स्कूल में 30 फर्नीचर सेट उपलब्ध कराए गए। एक आंगनवाड़ी में भी बच्चों के लिए फर्नीचर दिया गया।

इससे बच्चों को कक्षा में बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी। स्कूलों में पढ़ाई के माहौल को बेहतर बनाने के लिए अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की बात कही गई।

बच्चों ने कहा- कक्षा में गर्मी लगती है
कार्यक्रम के दौरान आकाश विजयवर्गीय ने बच्चों से संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। बातचीत के दौरान बच्चों ने बताया कि गर्मी के दिनों में कक्षा में काफी परेशानी होती है।

बच्चों की बात सुनने के बाद उन्होंने पूरे विद्यालय में नए पंखे लगाने की स्वीकृति तत्काल दी। इससे बच्चों को कक्षा में पढ़ाई के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है।

सभी सरकारी स्कूलों को आधुनिक बनाने का लक्ष्य
विजयवर्गीय ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र-1 के सभी शासकीय स्कूलों को सर्वसुविधायुक्त बनाने का निर्णय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की ओर से लिया गया है। इसी दिशा में क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्हें अच्छे संसाधन और बेहतर माहौल मिलना जरूरी है। प्रयास है कि क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में ऐसी सुविधाएं हों, जिससे वे निजी स्कूलों से भी बेहतर बन सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के इन मंदिरों में पढ़ने वाले बच्चे बेहतर शिक्षा हासिल कर आगे देश-दुनिया में इंदौर का नाम रोशन करें, यही उद्देश्य है।

फर्नीचर और अन्य सुविधाएं मिलने से स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलने की उम्मीद है। आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य सरकारी स्कूलों में भी सुविधाएं बढ़ाने की बात कही गई है।

Share