कृति के राखी ऐड पर कंगना का सवाल: ‘भाई को बिकिनी में राखी क्यों बांधेंगी?’; अभिजीत दीपके की इंग्लिश का उड़ाया मजाक

कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन में उनके ब्रालेट-स्टाइल आउटफिट को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच कंगना रनौत ने बिना कृति का नाम लिए विज्ञापन की स्टाइलिंग पर सवाल उठाए हैं।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सवाल किया कि जब महिलाओं के पास कपड़ों के इतने विकल्प हैं, तो भाई को राखी बांधते समय बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनने की जरूरत क्यों है।
कंगना ने आउटफिट को लेकर उठाया सवाल
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए कई तरह के विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में रक्षाबंधन जैसे मौके पर भाई को राखी बांधते समय बिकिनी या अंडरगारमेंट जैसा आउटफिट चुनने की जरूरत क्यों है।
उन्होंने अलग-अलग तरह के भारतीय और वेस्टर्न कपड़ों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि जब स्टाइलिंग के इतने विकल्प हैं, तो ऐसे विज्ञापन के लिए इस तरह का लुक क्यों चुना गया। कंगना ने इसे जानबूझकर विवादित बनाने की कोशिश जैसा भी बताया।

GIVA के विज्ञापन में दिखीं कृति
यह विज्ञापन ज्वेलरी ब्रांड GIVA का है और इसकी थीम रक्षाबंधन पर आधारित है। एड में कृति अपने ऑन-स्क्रीन भाई को राखी बांधती दिखाई देती हैं।सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने त्योहार की थीम के हिसाब से कृति के पहनावे पर सवाल उठाए। कुछ यूजर्स ने इसे भारतीय त्योहार की पारंपरिक भावना से अलग बताया।

अभिजीत दीपके की अंग्रेजी पर कंगना का तंज
कंगना ने CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की अंग्रेजी का मजाक उड़ाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें पहले अभिजीत का अंग्रेजी में दिया गया बयान दिखाया गया और फिर कंगना की अंग्रेजी बोलते हुए पुरानी क्लिप दिखाई गई।
वीडियो में दोनों की अंग्रेजी की तुलना करते हुए कंगना को 12वीं पास और अभिजीत को बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़ा हुआ बताया गया। पोस्ट में तंज करते हुए कहा गया कि एक में ‘आग’ है, जबकि दूसरे को ‘रीबूट’ की जरूरत है।

कंगना ने खुद भी बताई थी अंग्रेजी की परेशानी
कंगना पहले अपने करियर के शुरुआती दिनों में अंग्रेजी को लेकर हुई परेशानियों का जिक्र कर चुकी हैं। उन्होंने बताया था कि अंग्रेजी कमजोर होने की वजह से उन्हें कई बार मजाक का सामना करना पड़ा। कंगना के मुताबिक, ‘कॉफी विद करण’ में सोनम कपूर ने भी उनकी अंग्रेजी को लेकर मजाक किया था। हालांकि, उन्होंने कहा था कि इन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपना आत्मविश्वास और शालीनता बनाए रखी।