| |

उदयपुर से रास्ता भटककर झाबुआ पहुंचा बच्चा: रात में चौराहे पर रोते मिला; पुलिस ने परिवार से मिलाया

झाबुआ। राजस्थान के उदयपुर जिले का 10 वर्षीय बालक रास्ता भटककर मध्यप्रदेश पहुंच गया। रात में गश्त कर रही पुलिस को बच्चा छापरी चौराहे पर रोता हुआ मिला। पुलिस ने उसे सुरक्षित चौकी पहुंचाया। इसके बाद परिजनों की तलाश शुरू की गई। पुलिस के अनुसार बालक की पहचान जगदीश पुत्र सुरेश ननामा के रूप में हुई। वह राजस्थान के उदयपुर जिले के ग्राम गुजेर का रहने वाला है।

पुलिस ने परिजनों के पास पहुंचाया
बीती रात थाना प्रभारी काकनवानी नेहा बिरला, हरिनगर चौकी प्रभारी मुकेश वर्मा, हेड कांस्टेबल विनोद डोडियार और स्टाफ गश्त पर था। इसी दौरान छापरी चौराहे पर पुलिस की नजर बच्चे पर पड़ी। चौकी प्रभारी ने बच्चे को सुरक्षित चौकी पहुंचाया। उससे नाम और पता पूछा गया। इसके बाद राजस्थान के गुजेर थाने से संपर्क किया गया। पुलिस ने वहां से बालक के परिजनों की जानकारी जुटाई।

परिजनों को बच्चे के मिलने की सूचना दी गई। इसके बाद आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई। बालक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बिछड़े बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने पुलिस का आभार जताया। पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Share