| | |

इंदौर में कांग्रेस का सत्याग्रह: कार्यकर्ता कर रहे खड़गे के अपमान का विरोध; केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

इंदौर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और दलित वर्ग के कथित अपमान के विरोध में गुरुवार 14 अगस्त को इंदौर में कांग्रेस ने पैदल सत्याग्रह मार्च निकाला।

मधुमिलन चौराहे से शुरू हुआ यह मार्च अंबेडकर चौराहे तक पहुंचा। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और पार्टी के झंडे लेकर शामिल हुए।

मधुमिलन से अंबेडकर चौराहे तक निकला मार्च
सत्याग्रह मार्च शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के नेतृत्व में निकाला गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। रास्ते भर कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल चलते हुए अंबेडकर चौराहे तक पहुंचे।

दलित सम्मान और संविधान की रक्षा का उठाया मुद्दा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी दलित समाज के सम्मान और संविधान की मूल भावना की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल के घटनाक्रमों से दलित समाज और कांग्रेस नेतृत्व की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसके विरोध में यह सत्याग्रह आयोजित किया गया।

बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता
मार्च में शहर और जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। अंबेडकर चौराहे पर पहुंचकर नेताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया और सामाजिक न्याय तथा समानता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Share