मां नर्मदा पर देशभक्ति का रंग: चलित नाव से निकली तिरंगा यात्रा; लोगों ने लगाए भारत माता की जय के नारे

आलीराजपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत आलीराजपुर जिले के ग्राम ककराना स्थित मां नर्मदा नदी में जिला प्रशासन ने अनोखी तिरंगा यात्रा निकाली। कलेक्टर नीतू माथुर की अध्यक्षता में चलित नाव के माध्यम से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नर्मदा नदी के बीच तिरंगा लहराते हुए निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान नागरिकों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अन्य देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
प्रशासन ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाना और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और नागरिकों ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
तिरंगा यात्रा के साथ-साथ पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों और नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर सोहन कनास, अनुविभागीय अधिकारी सविता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जयपाल खरत सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन के अनुसार इस तरह के आयोजन से युवाओं में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलेगा।