|

रीवा में बारिश बनी जानलेवा: पानी में गिरे बिजली तार से युवक की मौत; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

रीवा। जिले की हुजूर तहसील के ग्राम पंचायत लक्ष्मणपुर गड्डी रोड पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। जलभराव वाले रास्ते में गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राज कुमार पटेल (पिता गंगा प्रसाद पटेल) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, राज कुमार पटेल जलभराव वाले रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान पानी में गिरा बिजली का तार करंट फैला रहा था। युवक जैसे ही उस पानी से होकर निकला, वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल युवक को पानी से बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों ने पहले से लगा रखी थी लग्गी
मृतक के परिजन सुरेश पटेल ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिजली का तार लंबे समय से नीचे लटक रहा था। उसे ऊपर रखने के लिए स्थानीय लोगों ने अस्थायी रूप से लग्गी फंसा रखी थी, लेकिन विभाग की ओर से लाइन को स्थायी रूप से दुरुस्त नहीं किया गया।

शुक्रवार को तार टूटकर सीधे जलभराव वाले हिस्से में गिर गया। उसी पानी से होकर गुजरने के दौरान राज कुमार करंट की चपेट में आ गए।

समय रहते मरम्मत होती तो टल सकता था हादसा
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली लाइन की समय रहते मरम्मत कर दी जाती और जलभराव वाले रास्ते में गिरे तार को तुरंत हटाया जाता, तो युवक की जान बच सकती थी। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि लक्ष्मणपुर में बिजली के तार की चपेट में आने से युवक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली विभाग की ओर से कोई लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

Share