| | |

आदिवासी दिवस पर गंधवानी में उत्सव का माहौल: पारंपरिक वेशभूषा में निकल चल समारोह; मांदल की थाप पर थिरके युवा

धार। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को गंधवानी में आदिवासी विकास परिषद की ओर से विशाल चल समारोह और रैली निकाली गई। इसमें आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और गांवों से सैकड़ों आदिवासी समाज के भाई-बहन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। मांदल, बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर युवा-युवतियां उत्साह से थिरकते नजर आए।

कार्यक्रम की शुरुआत विधायक कार्यालय से हुई। यहां जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित आदिवासी समाज के वरिष्ठजनों ने भगवान बिरसा मुंडा और टंट्या मामा के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। वक्ताओं ने दोनों महानायकों के जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

इस दौरान उपस्थित समाजजनों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे विधायक कार्यालय से बैंड-बाजे और डीजे के साथ रैली रवाना हुई।

मुख्य मार्गों से होकर निकला चल समारोह
रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस विधायक कार्यालय पहुंची। इस दौरान युवाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदल की थाप और डीजे की धुन पर नृत्य किया। हाथों में पारंपरिक ध्वज लिए समाजजन बड़ी संख्या में रैली में शामिल हुए।

चल समारोह के दौरान आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति और समृद्ध परंपराओं की झलक देखने को मिली। पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा।

समाज की एकता और सम्मान का लिया संकल्प
समापन अवसर पर समाजजनों ने आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं और वीर महापुरुषों के संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया। साथ ही समाज की एकता, सम्मान और गौरव को बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में रायसिंह डावर, कमला धारवे, नेपाल मंडलोई, यशवंत धारवे, नहारसिंह जमरा, सतपाल बरनाला, शुभान सिंह, गुलाब सिंह, सरपंच प्रकाश अमलियार, नरेंद्र निनामा, दयाराम सिंह, चैन सिंह, सरपंच राजू सिंह, मुकेश अस्के, लोकेश सिंह, मांगीलाल सिंह, पदम सिंह, राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

Share