|

रीवा से कल से कोलकाता-भोपाल की सीधी उड़ान: 2 घंटे 10 मिनट में पहुंचेंगे कोलकाता, विंध्य को मिलेगा नया विकास आयाम

रीवा। विंध्य क्षेत्र के लिए 9 अगस्त से एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रीवा एयरपोर्ट से कोलकाता और भोपाल के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। एलायंस एयर ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने इसे विंध्य के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।

राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा को कोलकाता से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे। इससे विंध्य क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान मिलेगी।

सप्ताह में तीन दिन उड़ान, 9 अगस्त को पहली फ्लाइट
एलायंस एयर के अनुसार यह सेवा 72 सीट वाले एटीआर-72 विमान से संचालित होगी। फ्लाइट सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। पहली उड़ान 9 अगस्त को होगी। इसके बाद अगस्त में 11, 13, 15, 18, 20, 22, 25, 27 और 29 तारीख को भी सेवा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जारी रहेगी।

ऐसा रहेगा पूरा फ्लाइट शेड्यूल
एलायंस एयर के जारी शेड्यूल के अनुसार कोलकाता से विमान दोपहर 1:10 बजे उड़ान भरेगा और 3:15 बजे रीवा पहुंचेगा। इसके बाद विमान 3:40 बजे रीवा से भोपाल के लिए रवाना होगा और शाम 5:10 बजे भोपाल पहुंचेगा। वापसी में विमान भोपाल से शाम 5:35 बजे उड़ान भरकर 7:05 बजे रीवा पहुंचेगा। इसके बाद 7:30 बजे रीवा से कोलकाता के लिए रवाना होकर रात 9:40 बजे कोलकाता पहुंचेगा।

रीवा से भोपाल 1.30 घंटे, कोलकाता 2.10 घंटे में
डिप्टी सीएम ने बताया कि नई सेवा शुरू होने के बाद रीवा से भोपाल की दूरी करीब 1 घंटा 30 मिनट और रीवा से कोलकाता की दूरी लगभग 2 घंटे 10 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे यात्रियों के समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि अब विंध्य क्षेत्र के लोगों को कोलकाता जाने के लिए प्रयागराज, जबलपुर या वाराणसी जैसे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सीधे रीवा से ही हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।

व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों को मिलेगा लाभ
राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इस सीधी कनेक्टिविटी से व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और इलाज के लिए यात्रा करने वाले मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा। पूर्वी भारत से संपर्क बढ़ने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी।

मैहर-चित्रकूट-अमरकंटक को मिलेगा पर्यटन लाभ
डिप्टी सीएम ने कहा कि इस नई हवाई सेवा से मैहर, चित्रकूट और अमरकंटक जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पूर्वी भारत के श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Share