लग्जरी कार से अवैध कफ सिरप की तस्करी: सीट और डिग्गी में छिपाकर ले जा रहे थे; 13.93 लाख की जब्ती

रीवा। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत मनगवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक लग्जरी कार से 1410 शीशी अवैध ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मनगवां थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान इटार-गुढ़ रोड पर एक सफेद रंग की कार (MP17 ZF 1787) तेज गति से संदिग्ध अवस्था में घूमती दिखाई दी। पुलिस को शक होने पर वाहन का पीछा किया गया।
सतेंद्र सिंह के घर के पास की गई घेराबंदी
पुलिस टीम ने मनिकवार निवासी सतेंद्र सिंह के घर के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रावेंद्र सिंह पटेल उर्फ पप्पू (40 वर्ष) निवासी बाणसागर कॉलोनी, रीवा बताया।
सीट, डिग्गी और अन्य स्थानों पर छिपाई गई थी कफ सिरप
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कार की सीट, डिग्गी और अन्य स्थानों पर बड़ी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप छिपाकर रखी मिली। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर कार सहित पूरी सामग्री जब्त कर ली।
एनडीपीएस एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना मनगवां में अपराध क्रमांक 447/2026 के तहत धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट तथा 5/13 ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
जब्त सामग्री
- 1410 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप – लगभग ₹2,83,410
- लग्जरी कार – लगभग ₹11,00,000
- मोबाइल फोन – लगभग ₹10,000
कुल जब्ती : ₹13,93,410
सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध कफ सिरप की सप्लाई कहां से हो रही थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।