झाबुआ में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल: 12वीं की कक्षाएं बंद होने और खेल मैदान पर खेती का आरोप; BEO को सौंपा ज्ञापन

झाबुआ। ABVP ने शुक्रवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंतरवेलिया की विभिन्न समस्याओं को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विद्यालय में पढ़ाई, स्वच्छता, खेल व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया।
12वीं की कक्षाएं नियमित नहीं लगने का आरोप
ABVP कार्यकर्ताओं ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 12वीं के भूगोल और अर्थशास्त्र विषय की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित नहीं हो रही हैं। इसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अन्य कक्षाओं में भी शिक्षण व्यवस्था सुचारु नहीं होने की शिकायत की गई है।
आवाज उठाने पर दबाव बनाने की शिकायत
ज्ञापन में कहा गया कि समस्याओं को लेकर शिकायत करने वाले विद्यार्थियों पर कुछ शिक्षकों द्वारा दबाव बनाया जाता है। परिषद ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
शौचालयों में गंदगी, खेल सामग्री नहीं मिलने की समस्या
विद्यालय परिसर और शौचालयों में साफ-सफाई की स्थिति खराब बताई गई है। छात्रों को खेल सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। परिषद ने आरोप लगाया कि स्कूल के खेल मैदान पर चौकीदार द्वारा खेती की जा रही है, जिससे मैदान का उपयोग विद्यार्थियों को नहीं मिल पा रहा है।
पानी और बाउंड्री वॉल की भी मांग
ABVP ने विद्यालय में पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगाने और सुरक्षा व्यवस्था के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग भी की है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान कई विद्यार्थी उपस्थित रहे।