कांवड़ यात्रा को लेकर इंदौर प्रशासन के निर्देश: शाम 6 बजे बाद यात्रा नहीं; सिमरोल-महू में टेंट, भोजन और सुरक्षा के इंतजाम

इंदौर। सावन माह में कांवड़ यात्रा को लेकर इंदौर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सिमरोल और महू में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रुकने, भोजन, पेयजल और सुरक्षा सहित सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
टेंट, भोजन, पेयजल और टॉयलेट की व्यवस्था
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि सिमरोल और महू में कांवड़ यात्रियों के लिए टेंट लगाए गए हैं। यहां भोजन, पीने का पानी, बैठने और टॉयलेट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मार्ग पर लाइटिंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम
प्रशासन ने पूरे कांवड़ मार्ग पर विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की है। घाट सेक्शन और जिन स्थानों पर डिवाइडर नहीं थे, वहां अस्थायी बैरिकेड्स और डिवाइडर लगाए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मार्ग की निगरानी कर रही हैं।
वाहनों का डायवर्जन, शाम 6 बजे बाद यात्रा नहीं
कांवड़ यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, जिसका पालन पुलिस करा रही है। कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार शाम 6 बजे के बाद कांवड़ यात्रा नहीं होगी, ताकि रात में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि प्रशासन पूरी यात्रा पर लगातार नजर बनाए हुए है। उद्देश्य यह है कि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में आस्था के साथ कांवड़ यात्रा पूरी कर सकें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।