बैतूल में रेलवे की बाउंड्री वॉल ढहने से मजदूर की मौत: झोपड़ी में सो रहे थे; SDRF ने मलबे से शव निकाला

बैतूल। बैतूल में गुरुवार तड़के लगातार बारिश के बीच रेलवे की बाउंड्री वॉल ढहने से दीवार से सटी झोपड़ी मलबे में दब गई। हादसे में राहुल उइके (27) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी शनि सिंह घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे से शव निकाला। प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश के कारण बाउंड्री वॉल कमजोर होकर गिरना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंज थाना क्षेत्र के पास का हादसा
गंज थाना क्षेत्र में रेलवे बाउंड्री के पास हादसा हुआ है। देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच तेज बारिश के दौरान रेलवे की बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई। तभी उसके सहारे बानी झोपड़ी पर दीवार गिर गई और उसमें दब गई।
मानसून की सबसे अधिक 93.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई
गुरुवार रात बैतूल में इस मानसून की सबसे अधिक 93.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हुई तेज बारिश के कारण रेलवे की बाउंड्री वॉल कमजोर होकर अचानक ढह गई। दीवार के किनारे सो रहे राहुल उइके मलबे में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शनि सिंह किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।