इंदौर में नशे के खिलाफ महिलाओं की वॉकाथॉन: नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प; पुलिस कमिश्नर ने दिलाई शपथ

इंदौर। इंदौर पुलिस के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)” अभियान के तहत शनिवार को शहर में महिलाओं की विशाल वॉकाथॉन आयोजित की गई। नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई इस वॉकाथॉन में 3000 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
जुम्बा सेशन में किया वॉर्म-अप
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित वॉकाथॉन की शुरुआत नेहरू स्टेडियम से हुई। कार्यक्रम से पहले सभी प्रतिभागियों ने जुम्बा सेशन में हिस्सा लेकर वॉर्म-अप किया। इसके बाद पुलिस कमिश्नर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। वॉकाथॉन नेहरू स्टेडियम से जीपीओ चौराहा, शिवाजी वाटिका और गीता भवन मार्ग होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई।

नारी का संकल्प-नशामुक्त हो हर परिवार
वॉकाथॉन में छात्राएं, खेल प्रतिभाएं, सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं की प्रतिनिधि, पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज की प्रशिक्षु महिला आरक्षक, महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है ज़रूरी”, “Say No to Drugs”, “स्वस्थ जीवन-नशामुक्त जीवन” और “नारी का संकल्प-नशामुक्त हो हर परिवार” जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया।

अभियान से बेटियां जुड़ेंगी तो लड़ाई मजबूत होगी
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि माताएं, बहनें और बेटियां इस अभियान से जुड़ेंगी तो नशे के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी। उन्होंने सभी महिलाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाते हुए अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।