बारिश के सुहाने मौसम में बनाए भुट्टे की यह टेस्टी डिश, बच्चों से लेकर दोस्तों तक हर कोई हो जाएगा खुश
बारिश के मौसम में शाम होते ही कुछ चटपटा और गर्मागर्म खाने की इच्छा होना स्वाभाविक है। बारिश का हीरो फ़ूड तो भुट्टा ही है लेकिन इस बारिश में भुट्टे को सिर्फ सेंककर खाने की जगह उससे एक नयी डिश बनाए। मिनटों में बनने वाली इस डिश को खाते ही बच्चे और बाकी घर के सदस्य आपकी तारीफों के पुल बांधने लगेंगे।
यह सामग्री जरुरी
कॉर्न से बनने वाली इस डिश का नाम है ‘कॉर्न भेल’। यह बनाने में आसान है, स्वास्थ के लिए लाभदायक और टेस्टी डिश है। इसके लिए आपको चाहिए कॉर्न, प्याज, ककड़ी, टमाटर, निम्बू और कुछ मसाले। लोगों की संख्या के आधार पर आपको सारी सामग्री लेना है। एक्स्ट्रा टेस्ट के लिए जीरावन का इस्तेमाल जरूर करें।
इस तरह बनाए स्वादिष्ट भेल
कॉर्न भेल बनाने के लिए सबसे पहले कॉर्न के दाने निकालकर उबालने चढ़ा दें। इसके बाद प्याज, टमाटर और ककड़ी को बारीक काट ले और एक बाउल में डाल ले। फिर इसमें उबले हुए कॉर्न डाल दें। अब इसमें स्वादानुसार नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च, बारीक़ कटी हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, निम्बू का रस और अगर आपको धनिया पसंद है तो बारीक़ धनिया काटकर डाले और अच्छे से मिला ले।
चीज से बढ़ेगा स्वाद
सर्व करते समय इसपर ऊपर से जीरावन छिड़क दें। अगर आपके बच्चे पनीर और चीज के दीवाने है तो ऊपर से पनीर के छोटे-छोटे टुकड़े और थोड़ा कद्दूकस किया हुआ चीज भी डाल दें इससे इसका स्वाद और बढ़ जाएगा। अगर आप इसे चीज़ डालकर थोड़ी देर माइक्रोवेव में रखते है मेल्ट हुए चीज से इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा। बारिश के मौसम में इस गरमा-गर्म भेल को अपने परिवार और दोस्तों के साथ खाने पर मौसम का मज़ा और बढ़ जाएगा।