| |

आलीराजपुर में रिश्तों का कत्ल: मामूली विवाद में बेटे ने पिता को पत्थर से कुचलकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

आलीराजपुर जिले के जोबट थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। ग्राम कंदा के मसानिया फलिया में मामूली विवाद के चलते एक बेटे ने अपने पिता की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना रविवार को हुई, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार को पिता राईसिंग मसानिया (60) और उनके बेटे वेस्ता मसानिया (38) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे वेस्ता ने पास पड़ा एक पत्थर उठाकर पिता राईसिंग के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से राईसिंग मसानिया की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जोबट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोबट भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे वेस्ता मसानिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल, पुलिस परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामूली विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है।

Share