ट्विशा शर्मा केस में बड़ा अपडेट: फरार पति समर्थ सिंह ने जबलपुर कोर्ट में किया सरेंडर
ट्विशा शर्मा केस में बड़ा मोड़, फरार पति समर्थ सिंह ने जबलपुर कोर्ट में किया सरेंडर
भोपाल/जबलपुर। मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पति समर्थ सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इससे पहले समर्थ सिंह ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच में दायर अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी और सरेंडर की संभावना जताई जा रही थी।
गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद से समर्थ सिंह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया था और इनाम राशि बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दी थी। इससे पहले भोपाल जिला अदालत उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुकी थी।
इधर, मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की मंजूरी भी दे दी है। राज्य सरकार ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम के तहत सीबीआई जांच के लिए सहमति जारी की है।
उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मायके पक्ष ने पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए हैं, जबकि मामले को लेकर जांच कई एंगल से जारी है।






