| |

ट्विशा शर्मा मौत मामले की होगी CBI जांच, मध्य प्रदेश सरकार ने दी मंजूरी

ट्विशा शर्मा मौत मामले की होगी CBI जांच, मध्य प्रदेश सरकार ने दी मंजूरी

भोपाल की चर्चित मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को राज्य शासन के गृह विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी।

मुख्यमंत्री ने परिवार को दिया था निष्पक्ष जांच का भरोसा

बताया जा रहा है कि 20 मई को ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा पूर्व सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार को निष्पक्ष जांच और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया था। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया था कि यदि अदालत दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश देती है, तो पार्थिव शरीर को दिल्ली AIIMS पहुंचाने की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी।

वहीं, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी मामले की CBI जांच की मांग उठाई थी।

सरकार ने जारी की अधिसूचना

गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम 1946 की धारा 6 के तहत मध्य प्रदेश सरकार ने इस पूरे मामले की जांच CBI को सौंपने की सहमति दी है। अब CBI को पूरे मध्य प्रदेश में केस से जुड़े अपराध, साजिश और कथित दुष्प्रेरण की जांच का अधिकार मिल गया है।

पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत पर सुनवाई

दूसरी ओर, मामले में फरार चल रहे ट्विशा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर उच्च न्यायालय में अहम सुनवाई हो रही है। ट्विशा के परिवार ने जमानत का विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि समर्थ सिंह सरकारी सिस्टम में अपने पुराने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

थाना प्रभारी पर भी उठे सवाल

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह को पत्र लिखकर कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने थाना प्रभारी को तत्काल हटाने की मांग भी की है।

12 मई को हुई थी संदिग्ध मौत

गौरतलब है कि 12 मई को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने इसे फांसी लगाकर आत्महत्या बताया था, जबकि मायके पक्ष लगातार इसे हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला बता रहा है। अब CBI जांच से मामले के कई अहम राज खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share

Similar Posts