इंदौर में जल वितरण व्यवस्था की सराहना, विधायक हार्डिया बोले- महापौर और निगम टीम कर रही दिन-रात मेहनत
शहर की जल वितरण व्यवस्था को लेकर बुधवार को सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई। विधायक महेंद्र हार्डिया और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा महापौर निवास पहुंचे, जहां उन्होंने शहर में पानी की सप्लाई व्यवस्था की सराहना की।
इस दौरान विधायक हार्डिया ने कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम की टीम दिन-रात मेहनत कर रही है, जिसके कारण इंदौर शहर में जल वितरण सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद नागरिकों को पानी उपलब्ध कराने के लिए निगम प्रशासन लगातार सक्रिय है।
हार्डिया ने नगर निगम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जल प्रबंधन और वितरण को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे लोगों को कम परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भी नगर निगम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है।
गौरतलब है कि प्रदेश में बढ़ती गर्मी और जल संकट की आशंकाओं के बीच इंदौर नगर निगम द्वारा जल वितरण व्यवस्था को लेकर विशेष मॉनिटरिंग और प्रबंधन किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को नियमित पानी की सप्लाई मिलती रहे।






