उज्जैन में महाराष्ट्र-मथुरा का मोबाइल चोर गिरफ्तार: धार्मिक यात्रा की आड़ में करता था चोरी; बेचने की कोशिश में पकड़ा

उज्जैन। रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 8 के पास मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे युवक को जीआरपी ने संदेह के आधार पर पकड़ा और पूछताछ की तो उसने धार्मिक यात्रा की आड़ में मोबाइल चोरी करना कबूल कर लिया। उसके पास से पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के साथ होने वाली चोरी की वारदातों को लेकर निगरानी की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा प्लेटफॉर्म 8 पर सर्चिंग के दौरान जानकारी मिली कि एक युवक प्लेटफार्म आउटर पर छुम-छुम बाबा के पास खड़ा है। जो मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। उसने कुछ लोगों से बातचीत भी की है।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
मामले में संदेह होने पर जीआरपी की टीम दरगाह के पास पहुंची। युवक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। जिसे पीछा कर पकड़ा गया। उसके बैग की तलाशी ली गई जिसमें से पांच मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ करने पर राहुल पिता कानिफनाथ कांबले 44 वर्ष निवासी आनंद नगर, मुंढवा, पुणे महाराष्ट्र बताया। उससे मोबाइल संबंधित जानकारी और दस्तावेज मांगे। वह कुछ नहीं बता पाया। थाने लाकर सख्ती की गई तो उसने कबूल किया कि धार्मिक यात्रा की आड़ में भीड़ के बीच से मोबाइल चोरी करता है।
मथुरा और महाराष्ट्र में भी कर चुका है चोरी
उज्जैन आने से पहले वह मथुरा गया था जहां से मोबाइल चोरी किए थे एक मोबाइल महाराष्ट्र में भी चुरा चुका था, महाकाल मंदिर के पास भी एक श्रद्धालु की जेब से मोबाइल निकाला है। थाना प्रभारी गुप्ता ने बताया कि चोरी के मोबाइल जप्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है उसका आपराधिक रिकॉर्ड तलाश करने पर सामने नहीं आया। बरामद मोबाइल की कीमत एक लाख से अधिक होना सामने आई है।मोबाइल की तकनीकी जांच कर मालिकों की जानकारी जुटाना का प्रयास किया जा रहा है।