झाबुआ कलेक्ट्रेट में गूंजा राष्ट्रगान: छात्राओं ने राष्ट्रगीत और मध्यप्रदेश गान भी सुनाया; कलेक्टर ने किया संवाद

झाबुआ। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश पर माह के पहले कार्य दिवस पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाबुआ की छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्राओं ने वाद्य यंत्रों की संगत के साथ राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी। उनकी सुमधुर और अनुशासित प्रस्तुति ने पूरे परिसर का माहौल देशभक्ति से भर दिया।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी किया सामूहिक गायन
कार्यक्रम में कलेक्टर कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सामूहिक गायन में हिस्सा लिया। सभी ने राष्ट्र और प्रदेश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान परिसर में राष्ट्रीय एकता और प्रदेश के प्रति गौरव का माहौल नजर आया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना भी की।

कलेक्टर ने छात्राओं से किया संवाद
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने छात्राओं से बातचीत की। उन्होंने छात्राओं का परिचय जाना और उनकी प्रस्तुति की तारीफ की। कलेक्टर ने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन और अच्छे संस्कार भी जरूरी हैं।विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य को समझना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से लगातार सीखते रहने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए कहा। कलेक्टर ने छात्राओं को समाज और देश के लिए सकारात्मक योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया।

अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।