इंदौर-अहमदाबाद रोड पर मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई: 102 चालकों से 1 लाख वसूले; यातायात के लिए किया जागरूक

धार। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। यह कार्रवाई प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ममता जैन के मार्गदर्शन में की गई। मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई शहर के श्याम ढाबा के सामने मांडव रोड और सोनू रेस्टोरेंट के पास इंदौर-अहमदाबाद रोड पर हुई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

102 वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान कुल 102 वाहन चालकों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई। इनसे कुल 1 लाख 1 हजार रुपए की समन राशि वसूल की गई। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती नताशा शेख पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री प्रदीप कुमार सोनी, जेएमएफसी श्री धरम कुमार, श्रीमती बार्बी जुनेजा अग्रवाल, श्री राधाकृष्ण यादव और श्रीमती शिखा दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
न्यायिक अधिकारियों ने मौके पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर जरूरी जानकारी दी। साथ ही हेलमेट और सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग के बारे में भी समझाइश दी गई। वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की सलाह दी गई।
पुलिस बल रहा तैनात
मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। थाना कोतवाली, थाना नौगांव और यातायात थाने का पुलिस बल मौके पर हमराह तैनात रहा।
पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।