| |

जनसुनवाई में 300 से ज्यादा आवेदन: अधिकारियों को दिए जल्द निराकरण के निर्देश; जरूरतमंदों को मिली आर्थिक मदद

इंदौर। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में 300 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। लोगों ने जमीन, इलाज, आर्थिक मदद और अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन अधिकारियों के सामने रखे।

भतीजे के इलाज में मदद मिली, पुष्पगुच्छ देकर जताया आभार
जनसुनवाई में राधा सेन अपने भतीजे के इलाज से जुड़ी समस्या लेकर पहुंची थीं। उपचार में प्रशासन की ओर से मदद मिलने पर उन्होंने कलेक्टर शिवम वर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार जताया।

बच्चों की नि:शुल्क पढ़ाई और 12 हजार रुपए की मदद
रोशनी अहिरवाल ने अपने बच्चों की शिक्षा और आर्थिक स्थिति से जुड़ा आवेदन दिया। कलेक्टर ने बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही परिवार को 12 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए गए।

शालू राठौर को 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में शालू राठौर ने भी आर्थिक मदद के लिए आवेदन दिया। मामले को सुनने के बाद कलेक्टर ने उन्हें 10 हजार रुपए की सहायता देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करना है। जरूरतमंदों को पात्रता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया जाएगा।

Share