जनसुनवाई में मां ने मांगी थी मदद: कलेक्टर ने दिलाई आर्थिक सहायता; बेटे के ठीक होने पर जताया आभार

इंदौर। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में एक महिला गुलदस्ता लेकर पहुंची। महिला कलेक्टर शिवम वर्मा का आभार जताने आई थी। कुछ सप्ताह पहले उसके बेटे के ऑपरेशन के लिए कलेक्टर ने रेडक्रॉस के माध्यम से आर्थिक सहायता दिलाई थी।
बच्चे के ऑपरेशन के लिए मांगी थी मदद
राधा सेन ने बताया कि कुछ सप्ताह पहले वह अपने बच्चे के इलाज के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा के पास पहुंची थी। दुर्घटना में बच्चे को चोट लगी थी और ऑपरेशन की जरूरत थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगी थी।
कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मदद के निर्देश दिए थे। रेडक्रॉस के माध्यम से बच्चे के ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। ऑपरेशन के बाद अब बच्चे की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है।
बोली- समय पर मदद नहीं मिलती तो ऑपरेशन नहीं हो पाता
राधा सेन मंगलवार को गुलदस्ता लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची। उन्होंने कलेक्टर शिवम वर्मा का आभार जताया। राधा ने कहा कि समय पर आर्थिक मदद नहीं मिलती तो बच्चे का ऑपरेशन कराना मुश्किल हो जाता।
उन्होंने इलाज के दौरान सहयोग करने के लिए महाकाल ग्रुप के सदस्यों का भी आभार जताया। महिला ने कहा कि मुश्किल समय में मिली मदद से परिवार को काफी राहत मिली।
कलेक्टर बोले- जरूरतमंदों की मदद करना प्राथमिकता
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि जरूरतमंद लोगों की यथासंभव मदद की जाए। इसी के तहत बच्चे के ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले जरूरतमंद लोगों के मामलों को प्राथमिकता से देखा जा रहा है। पात्रता के अनुसार उन्हें सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाते हैं।
पहले भी लोग आकर जता चुके हैं आभार
कलेक्टर के मुताबिक जनसुनवाई में समस्या का निराकरण होने के बाद इससे पहले भी कई आवेदक कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर स्वागत और सम्मान कर चुके हैं। कुछ लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन का आभार भी जताया है।